Saturday, August 8, 2026

पर्वतारोही समीरा खान ने छात्राओं को दिया आत्मविश्वास और आत्मरक्षा का संदेश

शिवरीनारायण। तक्षशिला इंटरनेशनल स्कूल शिवरीनारायण में देश-विदेश में साइकिलिंग अभियान और पर्वतारोहण के क्षेत्र में पहचान बना चुकीं पर्वतारोही समीरा खान पहुंचीं।



इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने जीवन के संघर्ष, यात्राओं और उपलब्धियों को साझा किया तथा छात्राओं को आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

समीरा खान ने बताया कि वह अब तक 37 देशों में साइकिलिंग अभियान कर चुकी हैं और 11 पर्वत चोटियों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुकी हैं। इनमें नेपाल की प्रसिद्ध अमा डबलम चोटी भी शामिल है।

विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं से विशेष संवाद किया। उन्होंने सेल्फ मोटिवेशन, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन में चुनौतियां कितनी भी बड़ी क्यों न हों, मजबूत इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ उनका सामना किया जा सकता है।

उन्होंने छात्राओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए स्वयं पर विश्वास रखने तथा किसी भी परिस्थिति में हिम्मत न हारने के लिए प्रेरित किया।

प्राचार्य ने जताया आभार

विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत कुमार प्रधान ने समीरा खान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को ऐसे प्रेरणादायक व्यक्तित्वों से जोड़ना उनके व्यक्तित्व विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी प्रतिभा और क्षमता पर विश्वास रखते हुए अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि समीरा खान की उपलब्धियां और उनके जीवन के अनुभव विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक हैं। उनके अनुभवों से छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने की प्रेरणा मिलेगी।

विद्यार्थियों में दिखा उत्साह

कार्यक्रम के दौरान समीरा खान ने विद्यार्थियों के साथ हर्षोल्लास से समय बिताया और अपने अनुभव साझा किए। उनके प्रेरणादायक विचारों से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। छात्र-छात्राओं ने भी उनके अनुभवों को उत्सुकता के साथ सुना।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रमुख पुरुषोत्तम (गप्पू) शर्मा, स्वरूप राय, कृष्णा चौहान, नवीन डे, विनोद यादव, शुभम कश्यप, शिक्षा ठाकुर, लालीमा वैष्णव सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment