Thursday, December 25, 2025

ग्राम पंचायत धरदेई में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया क्रिसमस पर्व

ग्राम पंचायत धरदेई में क्रिसमस का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ भव्य रूप से मनाया गया। 



इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहाँ लोगों ने प्रेम और शांति के संदेश के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।

उल्लेखनीय है कि क्रिसमस पर्व प्रभु यीशु मसीह के जन्म दिवस के रूप में न केवल भारत, बल्कि संपूर्ण विश्व में श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया जाता है। यह पर्व मानवता, प्रेम, त्याग और करुणा का संदेश देता है।

क्रिसमस पर्व का आयोजन ग्राम पंचायत धरदेई स्थित एब्नेजर भवन में किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भवन प्रमुख शशिकांत बाग ने प्रभु यीशु मसीह के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रभु यीशु ने प्रेम, शांति, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया, जिसे आज के समय में अपनाने की अत्यंत आवश्यकता है।

कार्यक्रम में प्रभु यीशु को मानने वाले श्रद्धालु महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने सामूहिक प्रार्थना में भाग लिया और एक-दूसरे को क्रिसमस पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान भजन-कीर्तन, प्रार्थना सभा एवं धार्मिक गीतों की प्रस्तुति से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द, शांति और समाज में प्रेम बनाए रखने की कामना के साथ किया गया।

No comments:

Post a Comment