Tuesday, July 21, 2026

जिला स्तरीय सह प्रबंधक अमोदी मनीराम कैवर्त एवं समिति प्रबंधक छरछेद रामसागर कैवर्त का हुआ सम्मान

बलौदाबाजार-भाटापारा।कृषि उपज मंडी परिसर, बलौदाबाजार में आयोजित जिला स्तरीय सहकारी संगोष्ठी एवं ड्रोन प्रदर्शन कार्यक्रम में पैक्स कम्प्यूटरीकरण (e-PACS) एवं सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समिति प्रबंधकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।



इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष श्री निरंजन सिन्हा, पूर्व विधायक श्री प्रमोद शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अशोक जैन, उपायुक्त सहकारिता श्री उमेश कुमार गुप्ता तथा कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा (भा.प्र.से.) ने संयुक्त रूप से सम्मान प्रदान किया।विकासखंड कसडोल अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित अमोदी (पंजीयन क्रमांक 204) के प्रभारी समिति प्रबंधक श्री मनीराम कैवर्त एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित छरछेद (पंजीयन क्रमांक 207) के प्रभारी समिति प्रबंधक श्री रामसागर कैवर्त को e-PACS प्रणाली के सफल संचालन, धान उपार्जन व्यवस्था एवं डिजिटल सेवाओं के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए सम्मानित किया गया।अतिथियों ने सहकारिता को किसानों की आर्थिक समृद्धि का मजबूत आधार बताते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों की सराहना की। सम्मानित समिति प्रबंधकों ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं किसान भाइयों को देते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ सेवा करने का संकल्प व्यक्त किया।

मिस छत्तीसगढ मे शिवरीनारायण की बेटी राजलक्ष्मी केसरवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया

 मिस छत्तीसगढ 19 जुलाई 2026न्यू उडान जनसेवा फाऊंडेशन द्वारा बिलासपुर मे  आयोजित मिस छत्तीसगढ मे शिवरीनारायण की बेटी राजलक्ष्मी केसरवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया



 अपनी मेहनत और लगन से आज शिवरीनारायण की बेटी ने अपनी जगह बना कर पुरे नगर को गौरान्वित किया।देश विदेश मे अपनी कला को प्रदर्शित करने वाली अन्तराष्ट्रीय नृत्यांगना राज्लक्ष्मी भरत नाट्यम की ऑनलाइन ऑफ़लाईन शिक्षिका है,और जीवन मे व्यस्त रहना राजलक्ष्मी के स्वभाव मे है ।इस आयोजन की ऑर्गेनाईजर श्री मती उषा शर्मा जी एक कुशल ब्यूटीशियन है जिनके मार्गदर्शन मे इस तरह के कार्यक्रम होते रहते है बिलासपुर मे आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि फिल्म ऐक्ट्रेस मन्दाकिनी जी रही उन्होने अपने हाथो से  विजेता मिस छत्तीसगढ, बिलासपुर  को क्राउन पहना कर प्रसास्ति पत्र ,मोमेंटो एवं 5000 कैश देकर सम्मानित  की।



 कार्यक्रम की सभी प्रस्तुति बहुत अच्छी रही मिस छत्तीसगढ़  का थीम पुरानी ऐक्ट्रेस के  लूक एवं स्टाइल  पर रखा गया था। राजलक्ष्मी केसरवानी शिवरीनारायण फर्म विजेंद्र बुक डिपो से है माँ भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की सक्रिय जिला  उपाध्यक्ष है भाई कुशल बिजनेसमेन है बड़ी बिटिया फैशन डिज़ाइनर।घर मे सभी उत्साहित है।सफलता की सीढ़ी तभी चढ़ी जाती है जब  परिवार मे सभी का पुर्ण सहयोग  आशीर्वाद एवं भगवान की कृपा हो।आज पुरे परिवार एवं नगर के लोगो को बिटिया पर गर्व है।।ईश्वर बिटिया को बहुत तरक्की दे।

Monday, July 20, 2026

जनपद पंचायत नवागढ़ में शिक्षा स्थायी समिति की बैठक संपन्न, शिक्षा की गुणवत्ता सहित विभिन्न योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा

नवागढ़। जनपद पंचायत नवागढ़ के सभा कक्ष में दिनांक 20 जुलाई 2026 को शिक्षा स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन एवं संचालन किया गया। 



बैठक का उद्देश्य विकासखंड के विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करना तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश तय करना रहा।

बैठक में विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण, VSK App का प्रभावी उपयोग, मध्यान्ह भोजन योजना का सुचारु संचालन, UDISE डाटा अद्यतन, पुस्तक स्कैनिंग, विद्यालय भवनों की मरम्मत, नवीन कक्ष निर्माण तथा जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2027 की तैयारी सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक समीक्षा एवं चर्चा की गई।

बैठक के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यालयों में नियमित मॉनिटरिंग, विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों में सुधार, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया।

बैठक में श्रीमती शांति घासीराम कश्यप (अध्यक्ष, शिक्षा स्थायी समिति), उपाध्यक्ष जनपद पंचायत नवागढ़, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाटले, तरुण साहू, शिक्षा समिति सदस्य पुष्पा देवी रात्रे, अखिलेश भीष्म, विकासखंड के प्राचार्य, संकुल समन्वयक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों के सक्रिय सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया। शिक्षा समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के संयुक्त प्रयासों से विकासखंड नवागढ़ में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकेगा।

Thursday, July 16, 2026

जय केशरवानी सपत्नीक बने गंगा महाआरती के जजमान, मां गंगा से की सबके सुख-समृद्धि की कामना

धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में प्रतिदिन आयोजित होने वाली भव्य एवं दिव्य गंगा महानदी महाआरती में इस बार एक विशेष आध्यात्मिक क्षण देखने को मिला। 



नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद जय केशरवानी अपनी वैवाहिक वर्षगांठ के शुभ अवसर पर अपनी धर्मपत्नी के साथ सपत्नीक जजमान बने और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से मां गंगा का पूजन-अर्चन एवं महाआरती की।

नगर पंचायत शिवरीनारायण द्वारा प्रतिदिन आयोजित गंगा महानदी महाआरती आज श्रद्धा और आस्था के अद्भुत वातावरण में संपन्न हुई। वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर पार्षद जय केशरवानी एवं उनकी धर्मपत्नी ने सपत्नीक जजमान बनकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की तथा नगर और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की

धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में आयोजित होने वाली गंगा महानदी महाआरती का स्वरूप काशी, अयोध्या और मथुरा की प्रसिद्ध आरतियों की भांति भव्य एवं दिव्य है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होकर मां गंगा की आराधना करते हैं और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव प्राप्त करते हैं।

इस अवसर पर पार्षद जय केशरवानी ने नगर पंचायत की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि जीवन के विशेष अवसरों—जैसे वैवाहिक वर्षगांठ, जन्मोत्सव अथवा अन्य शुभ अवसरों—को धार्मिक आयोजनों से जोड़ना चाहिए। इससे न केवल परिवार को आध्यात्मिक सुख मिलता है, बल्कि समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति आस्था भी मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होने वाली गंगा महाआरती श्रद्धालुओं को एक अलौकिक और अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करती है।

महाआरती के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती में शामिल होकर सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और जनकल्याण की प्रार्थना की। पूरा घाट दीपों की रोशनी, घंटों की ध्वनि और मंत्रोच्चार से भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर विमल सोनी, सत्येंद्र केवट, इशू कांत केशरवानी, जितेंद्र श्रीवास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Tuesday, July 14, 2026

भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल (BJMTUC) ने समाजसेवी रमेशचन्द्र कैवर्त्य को छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त सचिव नियुक्त किया

बिलासपुर/मस्तूरी, 14 जुलाई 2026 भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल (BJMTUC) द्वारा संगठन को अधिक सशक्त एवं श्रमिक हितों के प्रति प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियाँ एवं दायित्वों का पुनर्गठन किया गया है।


प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रविन्द्र रामटेके की अनुशंसा तथा प्रदेश अध्यक्ष श्री हनुमंत साहु की सहमति से प्रदेश महासचिव श्री बृजेश कुमार पाण्डेय द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के समाजसेवी बसंतपुर निवासी श्री रमेशचन्द्र कैवर्त्य को भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल (BJMTUC), छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें ऑल इंडिया कैजुअल एंड कॉन्ट्रैक्चुअल वर्कर्स यूनियन के प्रभारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।


संगठन ने विश्वास व्यक्त किया है कि श्री रमेशचन्द्र कैवर्त्य अपने अनुभव, समर्पण एवं संगठनात्मक क्षमता के आधार पर श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, संगठन के विस्तार तथा श्रमिक कल्याण के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे।

इस नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्री रमेशचन्द्र कैवर्त्य को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके सफल एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की कामना की है।


जारीकर्ता

प्रदेश मीडिया प्रकोष्ठ

भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल (BJMTUC), छत्तीसगढ़

Friday, July 10, 2026

शिवरीनारायण भगवान मंदिर के पुजारी पंडित हरीश तिवारी के वैवाहिक वर्षगांठ पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन

धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में शबरी नारायण भगवान मंदिर के पुजारी पंडित हरीश तिवारी एवं उनकी धर्मपत्नी के वैवाहिक वर्षगांठ के पावन अवसर पर केरा चौक स्थित वीर कॉम्प्लेक्स में श्रीराम भक्त हनुमान जी को समर्पित सुंदरकांड पाठ का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। 



श्रीराम एवं पवनपुत्र हनुमान जी की आराधना की तथा धर्ममय वातावरण का आनंद लिया।

कार्यक्रम में लक्ष्मणेश्वर धाम, खरौद के सुप्रसिद्ध कथा व्यास पंडित ओम प्रकाश शर्मा ने अपने मुखारविंद से सुंदरकांड का सुमधुर एवं भावपूर्ण पाठ प्रस्तुत किया। उन्होंने सुंदरकांड के आध्यात्मिक एवं जीवनोपयोगी महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्री हनुमान जी की भक्ति, सुंदरकांड का श्रवण एवं पाठ व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, साहस तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी की कृपा से सभी प्रकार के संकटों का निवारण होता है और परिवार में मंगलमय वातावरण बना रहता है।

सुंदरकांड पाठ के दौरान संपूर्ण परिसर श्रीराम एवं हनुमान जी के जयघोष, भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु पूरे समय भक्ति रस में सराबोर रहे तथा सामूहिक रूप से सुंदरकांड का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति प्राप्त की। कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्रीराम, माता सीता एवं श्रीहनुमान जी की आरती के पश्चात सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान पंडित हरीश तिवारी अपनी धर्मपत्नी सहित पूरे कार्यक्रम में उपस्थित रहे तथा सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया। 

इस अवसर पर प्रमुख रूप से वीरेंद्र तिवारी, मुख्तियार सुखराम दास, अंकित तिवारी, हर्षवर्धन तिवारी, अभिनव तिवारी, अभिषेक तिवारी,चेतन शर्मा, दिनेश शर्मा,नरेंद्र शुक्ला,दीनदयाल शास्त्री,मिहिर दुबे,ओम प्रकाश साहू, राजेश गुप्ता, अश्वनी के.वा., अजय केवट, उग्रेश्वर गोपाल केवट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पंडित हरीश तिवारी एवं उनकी धर्मपत्नी को वैवाहिक वर्षगांठ की शुभकामनाएँ देते हुए उनके सुखी, स्वस्थ एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।

Wednesday, July 8, 2026

शिवरीनारायण की महानदी गंगा आरती बनी नगर की नई पहचान

धार्मिक नगरी शिवरीनारायण स्थित चित्रोत्पला गंगा महानदी, जिसे त्रिवेणी संगम के नाम से  जाना जाता है, आज अपनी भव्य एवं दिव्य महानदी गंगा आरती के कारण नगर की नई पहचान बन चुकी है।



 बनारस एवं अयोध्या की तर्ज पर शबरीनारायण धाम में प्रतिदिन आयोजित होने वाली महानदी गंगा आरती श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है।

इस पुनीत कार्य का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत एवं उनकी टीम के विशेष प्रयासों से हुआ। कार्यक्रम के प्रभारी पार्षद सत्येंद्र केवट के नेतृत्व में प्रतिदिन सुव्यवस्थित रूप से गंगा आरती का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में वैवाहिक वर्षगांठ के शुभ अवसर पर नगर पंचायत के पार्षद ओमप्रकाश छाया साहू  तथा राहौद के  तहसीलदार चन्द्रकांत चंद्रवंशी अपनी धर्मपत्नी के साथ मुख्य यजमान के रूप में महानदी गंगा महाआरती में सम्मिलित हुए।  

शान्ति कुंज हरिद्वार से शिक्षा प्राप्त किए धार्मिक नगरी शिवरीनारायण के पंडित चंद्रमोहन शर्मा महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दोनों दंपतियों से विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न कराया शुभ आशीर्वाद प्रदान की  तथा महानदी गंगा आरती के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।

महाआरती के दौरान नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रतिदिन आयोजित होने वाली यह महानदी गंगा आरती अब शिवरीनारायण की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान के रूप में स्थापित हुआ है

चित्रोत्पला गंगा महानदी, जिसमें तीन नदियों का संगम है  महानदी, शिवनाथ नदी एवं जोंक नदी  त्रिवेणी संगम के नाम से विख्यात है। नदियों के इस दिव्य संगम स्थल त्रिवेणी संगम पर श्रद्धा एवं विधि-विधान से की गई आरती, पूजा और प्रार्थना से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। यही कारण है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा महाआरती में शामिल होकर माँ गंगा का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

Tuesday, July 7, 2026

नई दिल्ली में गूंजी छत्तीसगढ़ की सहकारिता की आवाज, शिवरीनारायण सेवा सहकारी समिति के प्रतिनिधि बने राष्ट्रीय कार्यक्रम के सहभागी

सहकार से समृद्धि' राष्ट्रीय सम्मेलन में शिवरीनारायण सेवा सहकारी समिति का प्रतिनिधित्व



सहकारिता से आत्मनिर्भरता 'सहकार से समृद्धि' कार्यक्रम में शामिल हुए छत्तीसगढ़ के सहकारिता प्रतिनिधि

राष्ट्रीय स्तर पर साझा किए गए नवाचारों व उपलब्धियों के साक्षी बने छत्तीसगढ़ के समिति प्रबंधक/प्राधिकृत अधिकारी 

देश की राजधानी नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मण्डपम में आयोजित "सहकार से समृद्धि के स्वर्णिम 5 वर्ष: उपलब्धता, नवाचारों और विकसित भारत की ओर बढ़ते कदम" राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश भर के सहकारिता दिग्गजों और प्राधिकृत अधिकारियों का समागम हुआ। इस गरिमामय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न सेवा सहकारी समितियों के समिति प्रबंधक/प्राधिकृत अधिकारियों ने हिस्सा लिया और राष्ट्रीय स्तर पर साझा किए गए नवाचारों व उपलब्धियों के साक्षी बने। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिला से विशेष रूप से पहुचे , दिनेश कुमार कश्यप समिति प्रबंधक (सेवा सहकारी समिति मर्यादित शिवरीनारायण प. क्र. 56 ) बीरबल कहरा समिति प्रबंधक ( सेवा सहकारी समिति मर्यादित केरा प.क्र. 1275 ) सहकारिता बंधुओं ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई, इनके साथ ही देश के कोने-कोने से पधारे हजारों समिति प्रबन्धक/प्राधिकृत अधिकारियों और सहकारिता से जुड़े साथियों ने इस महाधिवेशन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

​​कार्यक्रम के दौरान सहकारिता के क्षेत्र में पिछले 5 वर्षों में हुए ऐतिहासिक सुधारों, डिजिटल नवाचारों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले कदमों पर विस्तृत चर्चा की गई। 'सहकार से समृद्धि' के विजन को धरातल पर उतारने और 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने में प्राथमिक कृषि ऋण समितियों और स्थानीय सहकारी समितियों की भूमिका को रेखांकित किया गया।*

भारत मण्डपम के इस भव्य मंच पर पूरे देश के सहकारिता साथियों के साथ सम्मिलित होना एक सौभाग्य की बात है। यहाँ सीखे गए तकनीकी नवाचारों और सहकारी नीतियों को हम जमीनी स्तर पर लागू कर अपने क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को और अधिक समृद्ध बनाएंगे।*

'सहकार से समृद्धि' राष्ट्रीय सम्मेलन में शिवरीनारायण सेवा सहकारी समिति का प्रतिनिधित्व

सहकारिता से आत्मनिर्भरता 'सहकार से समृद्धि' कार्यक्रम में शामिल हुए छत्तीसगढ़ के सहकारिता प्रतिनिधि

राष्ट्रीय स्तर पर साझा किए गए नवाचारों व उपलब्धियों के साक्षी बने छत्तीसगढ़ के समिति प्रबंधक/प्राधिकृत अधिकारी 

देश की राजधानी नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मण्डपम में आयोजित "सहकार से समृद्धि के स्वर्णिम 5 वर्ष: उपलब्धता, नवाचारों और विकसित भारत की ओर बढ़ते कदम" राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश भर के सहकारिता दिग्गजों और प्राधिकृत अधिकारियों का समागम हुआ। इस गरिमामय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न सेवा सहकारी समितियों के समिति प्रबंधक/प्राधिकृत अधिकारियों ने हिस्सा लिया और राष्ट्रीय स्तर पर साझा किए गए नवाचारों व उपलब्धियों के साक्षी बने। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिला से विशेष रूप से पहुचे , दिनेश कुमार कश्यप समिति प्रबंधक  (सेवा सहकारी समिति मर्यादित शिवरीनारायण प. क्र. 56 ) बीरबल कहरा समिति प्रबंधक ( सेवा सहकारी समिति मर्यादित केरा प.क्र. 1275 ) सहकारिता बंधुओं ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई,  इनके साथ ही देश के कोने-कोने से पधारे हजारों समिति प्रबन्धक/प्राधिकृत अधिकारियों और सहकारिता से जुड़े साथियों ने इस महाधिवेशन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

​​कार्यक्रम के दौरान सहकारिता के क्षेत्र में पिछले 5 वर्षों में हुए ऐतिहासिक सुधारों, डिजिटल नवाचारों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले कदमों पर विस्तृत चर्चा की गई। 'सहकार से समृद्धि' के विजन को धरातल पर उतारने और 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने में प्राथमिक कृषि ऋण समितियों और स्थानीय सहकारी समितियों की भूमिका को रेखांकित किया गया।*

भारत मण्डपम के इस भव्य मंच पर पूरे देश के सहकारिता साथियों के साथ सम्मिलित होना एक सौभाग्य की बात है। यहाँ सीखे गए तकनीकी नवाचारों और सहकारी नीतियों को हम जमीनी स्तर पर लागू कर अपने क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को और अधिक समृद्ध बनाएंगे।*

Thursday, July 2, 2026

पूर्व कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रामकुमार पटेल के घर गूंजी किलकारी, लक्ष्मी स्वरूपा कन्या रत्न के आगमन से परिवार में खुशी की लहर

छत्तीसगढ़ शाकम्भरी बोर्ड के पूर्व कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि रामकुमार पटेल के परिवार में खुशियों ने दस्तक दी है। उनके घर नन्हीं परी के रूप में लक्ष्मी का आगमन हुआ है। 



30 जून, मंगलवार को दोपहर लगभग डेढ़ बजे प्रताप टॉकीज के पास स्थित सिद्धिविनायक लाइफ केयर अस्पताल में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती प्रियंका पटेल ने एक स्वस्थ एवं सुंदर कन्या रत्न को जन्म दिया।

इस शुभ समाचार के मिलते ही पूरे पटेल परिवार में उत्सव जैसा माहौल बन गया। परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। परिवार ने इस सुखद अवसर पर ईश्वर का आभार व्यक्त करते हुए बेटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जैसे ही यह समाचार उनके समर्थकों, मित्रों और राजनीतिक सहयोगियों तक पहुँचा, बधाई देने वालों का तांता लग गया। फोन कॉल, सोशल मीडिया और व्यक्तिगत रूप से पहुँचकर लोगों ने पूर्व मंत्री रामकुमार पटेल एवं उनकी धर्मपत्नी प्रियंका पटेल को कन्या रत्न की प्राप्ति पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

राजनीतिक, सामाजिक एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े अनेक लोगों ने इसे पूरे परिवार के लिए सौभाग्य का क्षण बताया और कहा कि बेटी घर की लक्ष्मी होती है। सभी ने नवजात शिशु के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए माता-पिता को इस नए जीवन अध्याय की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

बताया जा रहा है कि अस्पताल में माँ और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस सुखद समाचार से पूरे क्षेत्र में भी प्रसन्नता का वातावरण है और लगातार लोग परिवार को शुभकामनाएँ भेज रहे हैं।

हमारी ओर से भी पूर्व कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रामकुमार पटेल, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती प्रियंका पटेल तथा पूरे परिवार को कन्या रत्न की प्राप्ति पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि नन्हीं बिटिया स्वस्थ, दीर्घायु, यशस्वी और सुख-समृद्ध जीवन प्राप्त करे तथा पूरे परिवार के जीवन में सदैव खुशियाँ लेकर आये

Tuesday, June 30, 2026

शिवरीनारायण बना शिक्षा का महाकुंभ: जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ स्वागत

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, शिवरीनारायण में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव का आयोजन अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



 कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों की ऐतिहासिक सहभागिता रही। पूरे विद्यालय परिसर में शिक्षा के प्रति उत्साह और नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत का उल्लास देखने को मिला।कार्यक्रम में गरिमामय उपस्थिति माननीय श्री नारायण चंदेल पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, ,अंबेश जांगड़े  जिला अध्यक्ष,  चंद्रकांत तिवारी सदस्य, माध्यमिक शिक्षा मंडल  श्रीमती सत्यलता मिरी जिला पंचायत अध्यक्ष , गगन जयपुरिया जिला पंचायत उपाध्यक्ष),  राहुल थवाईत अध्यक्ष पूर्व अध्यक्ष संजय अग्रवाल,प्रकाश बिल्लू बंसल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी  अशोक सिन्हा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री ओमप्रकाश शर्मा (प्रधान पाठक), बी के देवांगन (प्राचार्य), अमन केसरवानी (शैक्षिक समन्वयक), अशोक पाटले (विकासखंड शिक्षा अधिकारी, नवागढ़),  हरिराम जायसवाल (परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा), श्रीमती हेमलता शर्मा, श्रीमती अंजना सिंह, श्री तरुण साहू (एबीईओ, नवागढ़), श्री चंद्रशेखर महतो, टी आर कुर्रे, रमेश साहू, सत्यनारायण यादव ,श्रीमती मीनाक्षी केसरवानी,  वि खंड शिक्षा अधिकारी पामगढ़, राकेश कुमार सोनी, दुष्यंत कुमार भर्तृहरि तथा विकासखंड नवागढ़ एवं पामगढ़ के शिक्षा विभाग के अधिकारी, व्याख्याता, शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सबसे भावुक एवं आकर्षक क्षण तब आया जब नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक-चंदन लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश, स्कूल बैग, जूते, मोजे एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने पालकों से प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नियमित प्रवेश एवं उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। सभी अतिथियों ने कार्यक्रम की उत्कृष्ट व्यवस्था, अनुशासन एवं भव्य आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे जिले के लिए प्रेरणादायी बताया।सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं मोमेंट्स भेंट किया गया।

    कार्यक्रम का प्रभावी संचालन व्याख्याता  कोमल साहू एवं श्रीमती सुश्री रेशमा उरांव ने किया। अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, नवागढ़ ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, पालकों, विद्यार्थियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के लिए न्योताभोज की व्यवस्था की गई

Monday, June 29, 2026

45 वर्षों बाद केवट निषाद समाज की जमीन पर मिला पुनः कब्जा, प्रशासन की मौजूदगी में केंद्रीय समिति ने संभाली भूमि

जांजगीर-चांपा जिले के चिल्हाटी ग्राम में छत्तीसगढ़ केवट निषाद समाज के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक दिन रहा।



 समाज की लगभग 2 एकड़ 27 डिसमिल भूमि, जिस पर पिछले करीब 45 वर्षों से अवैध कब्जा बताया जा रहा था, वह लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद आज पुनः समाज के अधिकार में आ गई।

केंद्रीय समिति शिवरीनारायण द्वारा वर्षों तक कानूनी लड़ाई लड़ने के बाद प्रशासन की उपस्थिति में भूमि पर समाज को पुनः कब्जा दिलाया गया। इस दौरान पटवारी, तहसीलदार एवं पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत समाज को भूमि का कब्जा सौंपा गया।

इस अवसर पर केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह समाज की एकता, धैर्य और कानूनी संघर्ष की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि समाज की संपत्ति की रक्षा करना प्रत्येक स्वजातीय बंधु की जिम्मेदारी है और भविष्य में भी समाज के अधिकारों की सुरक्षा के लिए इसी प्रकार प्रयास जारी रहेंगे।

भूमि पर पुनः कब्जा दिलाने की इस पूरी प्रक्रिया में क्षेत्रीय समिति के पदाधिकारियों के साथ-साथ चिल्हाटी एवं आसपास के स्थानीय स्वजातीय बंधुओं का उल्लेखनीय सहयोग रहा। सभी ने एकजुट होकर समाज के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समाज के लोगों ने केंद्रीय समिति शिवरीनारायण के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और कहा कि वर्षों से लंबित यह मामला आखिरकार न्याय और कानून के बल पर समाज के पक्ष में सुलझा।

Wednesday, June 24, 2026

पूर्व न.पं.अध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं सरोज अग्रवाल की 31वीं वैवाहिक वर्षगांठ पर भव्य श्री श्याम..

शिवरीनारायण। नगर पंचायत शिवरीनारायण के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता संजय अग्रवाल तथा उनकी धर्मपत्नी सरोज अग्रवाल की 31वीं वैवाहिक वर्षगांठ के शुभ अवसर पर भव्य श्री श्याम महोत्सव का आयोजन किया गया। 



धार्मिक आस्था, भक्ति और सामाजिक सौहार्द से परिपूर्ण इस आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम एवं खाटू श्याम बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात भजन, संकीर्तन एवं सत्संग का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण मुंबई से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक एवं भजन सम्राट श्री कुमार दीपक जी की संगीतमय प्रस्तुति रही। उन्होंने अपने मधुर एवं भावपूर्ण भजनों से पूरे पंडाल को भक्तिमय बना दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत एक से बढ़कर एक भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे तथा पूरा आयोजन स्थल "जय श्रीराम" और "जय श्रीश्याम" के जयघोष से गूंज उठा।

इस अवसर पर संजय अग्रवाल एवं सरोज अग्रवाल ने अपने वैवाहिक जीवन के सफल 31 वर्ष पूर्ण होने पर ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा, परिवारजनों के स्नेह तथा समाज के सहयोग से उन्हें निरंतर सेवा कार्य करने की प्रेरणा मिलती रही है।

कार्यक्रम में भाजपा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े अनेक वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से पवन साय, बृजमोहन अग्रवाल, गौरीशंकर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, नारायण चंदेल, कमलेश जांगड़े, अनुज शर्मा, अंबेश जांगड़े, राहुल थवाईत, मोहन कुमारी साहू, कमलादेवी पटले, सनम जांगड़े सहित नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई तथा अग्रवाल दंपत्ति को वैवाहिक वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं।

आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण किया गया। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की भव्यता, अनुशासित व्यवस्थाओं एवं धार्मिक वातावरण की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक यादगार आयोजन बताया।

भक्ति, श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम बना यह श्री श्याम महोत्सव नगर एवं क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

Monday, June 22, 2026

जोक नदी तटबंध निर्माण में अनियमितता के आरोप, अवैध खनन और गुणवत्ता पर उठे सवाल, आरोप है कि नाबालिक बच्चों से काम कराया जा रहा हैं.

कसडोल। जल संसाधन विभाग के अंतर्गत उपसंभाग गिरौदपुरी में जोक नदी पर 5 करोड़ 84 लाख 11 हजार रुपये की लागत से संचालित व्यपवर्तन शीर्ष जीर्णोद्धार एवं डाउनस्ट्रीम तटबंध निर्माण कार्य विवादों में घिर गया है। 



स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता, घटिया सामग्री के उपयोग, अवैध रेत खनन, बिजली के कथित अवैध उपयोग तथा नाबालिगों से कार्य कराए जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार ठेका प्राप्त करने वाले ठेकेदार विक्रम खंडेलवाल द्वारा निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है। उनका आरोप है कि निर्माण में निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे तटबंध की मजबूती और दीर्घकालिक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही रेत प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से खनन कर लाई जा रही है। इससे शासन को राजस्व हानि होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की शिकायत मिलने के बाद वन विभाग ने संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

निर्माण स्थल पर बिजली उपयोग को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्य के लिए ग्राम पंचायत अर्जुनी के बिजली कनेक्शन का उपयोग किया जा रहा था, जबकि स्थल पर जनरेटर की व्यवस्था उपलब्ध है। इस संबंध में संबंधित विभाग द्वारा जांच की बात कही गई है।

ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर सूचना पटल नहीं लगाए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की है। नियमानुसार किसी भी शासकीय निर्माण कार्य की लागत, कार्यदायी संस्था, स्वीकृत राशि एवं अन्य आवश्यक जानकारियां सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जानी चाहिए, लेकिन मौके पर ऐसा नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

वहीं ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि निर्माण कार्य में नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराई जा रही है, जो श्रम कानूनों का उल्लंघन है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन बच्चों का निर्माण कार्य पर मजदूरी करते हुए वीडियो भी वायरल हो रहा हैं 


अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच किस प्रकार करते हैं तथा जांच में यदि अनियमितताएं सामने आती हैं तो जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Sunday, June 7, 2026

शिवरीनारायण-राहौद की रिद्धांशी बनी अबेकस चैंपियन, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

शिवरीनारायण/राहौद क्षेत्र की 9 वर्षीय प्रतिभाशाली छात्रा रिद्धांशी साहू ने अबेकस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया हैं



कक्षा तीसरी की छात्रा रिद्धांशी ने राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए लिस्निंग प्रतियोगिता में फर्स्ट रनर-अप तथा विजुअल प्रतियोगिता में चैंपियन का खिताब हासिल किया।


रायगढ़ के अग्रोहा धाम में आयोजित इस प्रतियोगिता में रिद्धांशी ने अपनी गणितीय क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मात्र 10 मिनट में 200 गणितीय प्रश्नों को हल कर सभी को प्रभावित किया। वर्तमान में वह अपने से उच्च कक्षाओं के विद्यार्थियों को भी गणित में कड़ी टक्कर दे रही हैं।

रिद्धांशी के पिता विश्वा साहू एवं माता रिंकी साहू ने बताया कि जब उनकी बेटी ने जांजगीर की अबेकस प्रशिक्षिका रेणुका शर्मा के मार्गदर्शन में ऑनलाइन अबेकस क्लास जॉइन की थी, तब वह अन्य बच्चों की तरह गणित में सामान्य छात्रा थी। नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के बाद आज वह कठिन गणितीय सवालों को बेहद तेज गति से हल कर लेती हैं।

अबेकस प्रशिक्षिका रेणुका शर्मा ने बताया कि उनकी ऑनलाइन कक्षाएं 6 से 13 वर्ष तक के बच्चों के लिए संचालित की जाती हैं। सप्ताह में दो दिन एक-एक घंटे की कक्षाओं में बच्चों को नौ चरणों में विशेष प्रशिक्षण दिया जाता हैं। इस पद्धति से बच्चों का गणित का डर समाप्त होता है तथा उनकी स्मरण शक्ति, सुनने-समझने की क्षमता, लिखने की गति और मानसिक विकास में उल्लेखनीय वृद्धि होती हैं। फ्लैश कार्ड एक्टिविटी एवं ब्रेन डेवलपमेंट एक्सरसाइज के माध्यम से बच्चों के छिपे हुए कौशल को भी विकसित किया जाता हैं।

रिद्धांशी की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय तथा क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल हैं। लोगों ने उसकी सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की हैं।

शिवरीनारायण में सूत सारथी समाज का शपथ ग्रहण समारोह एवं आमसभा संपन्न

शिवरीनारायण। जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण स्थित सत्संग भवन में सूत सारथी समाज द्वारा शपथ ग्रहण समारोह एवं आमसभा का आयोजन किया गया।



 कार्यक्रम में समाज के नव नियुक्त पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई गई तथा समाज हित में कार्य करने का संकल्प लिया गया।

समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर नव नियुक्त पदाधिकारियों ने समाज की एकता, संगठन को मजबूत बनाने, शिक्षा, सामाजिक उत्थान एवं युवा पीढ़ी को समाज से जोड़ने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

आमसभा में समाज के विकास, संगठन विस्तार तथा विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज की प्रगति के लिए सभी सदस्यों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन समाज की उन्नति एवं सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित समाजजनों ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Tuesday, June 2, 2026

7 जून को सूत सारथी समाज का शपथ ग्रहण समारोह सूत सारथी समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश का शपथ

 7 जून को सूत सारथी समाज का शपथ ग्रहण समारोह सूत सारथी समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश का शपथ




ग्रहण समारोह 7 जून को दोपहर 12 बजे शिवरीनारायण में आयोजित होगा। कार्यक्रम में पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राहुल थवाईत एवं ओम प्रकाश साहू उपस्थित रहेंगे। समारोह के लिए समाज के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक शेषराज हरबंश से उनके निवास पर मुलाकात कर आमंत्रण दिया। समाज की आमसभा में सर्वसम्मति से शिव कुमार सारथी, मोहित सारथी, पवन बघेल एवं अनिल सारथी सहित नई कार्यकारिणी का मनोनयन किया गया था। प्रदेश महासचिव पवन बघेल ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

Wednesday, May 20, 2026

प्रांतीय शास्त्रीय संगीत कार्यशाला 2026 का किया शुभारंभ राजेश्री महन्त जी ने

पांच दिवसीय कार्यशाला में प्रशिक्षार्थी ले सकेंगे प्रशिक्षण गायन, वादन एवं नृत्य का



पांच दिवसीय प्रान्तीय शास्त्री संगीत कार्यशाला 2026 का आयोजन संस्कार भारती जिला इकाई शक्ती एवं नगर पंचायत शिवरीनारायण जिला जांजगीर चांपा के संयुक्त तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर शिवरीनारायण मे किया गया है। इसका शुभारंभ छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज एवं अतिथियों ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी पवन सुल्तानिया ने की, संगीत की देवी माता सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण किया गया, अतिथियों का स्वागत शाल, श्रीफल एवं पुष्प माला से आयोजन समिति के द्वारा किया गया। ग्वालियर एवं खैरागढ़ सहित अनेक स्थानों से आए हुए कलाकारों द्वारा गायन, वादन एवं नृत्य  प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को अपना आशीर्वचन प्रदान करते हुए राजेश्री महन्त जी महाराज ने कहा कि- *यह हम शिवरीनारायण नगर वासियों का परम सौभाग्य है कि संस्कार भारती जिला इकाई शक्ती के द्वारा संगीत के प्रांत स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन इस नगर में हुआ है*। यहां छत्तीसगढ़ राज्य सहित *अन्य प्रान्तों से आए हुए प्रख्यात संगीत साधकों के द्वारा आप सभी को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, मुझे आशा ही नहीं अपितु पूरा विश्वास है कि इससे आप सभी को संगीत की अनेक विधाओं को सीखने और समझने का बहुत अच्छा अवसर प्राप्त होगा* लोगों को भागवताचार्य योगेश शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि शास्त्रों में कहा गया है कि- *साहित्य संगीत कला विहीन: साक्षात पशु पुच्छ विषाण हीन:*।  आचार्य ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि - *संगीत ईश्वर की शक्ति है* लोगों को समाज सेवी सुबोध शुक्ला सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विशेष रूप से ग्वालियर से शास्त्रीय गायन के लिए डॉक्टर यश देवले, तबला प्रशिक्षक खैरागढ़ से दीपक दास महंत, कथक नृत्यांगना सुश्री सीमा बरेठ, प्राचार्य बसंत देवांगन, शिक्षा जगत से मिश्रा जी, जगदीश यादव, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव, हर्ष दुबे सहित अनेक प्रतिष्ठित नागरिक गण उपस्थित थे। कार्यक्रम का विधिवत संचालन बारी-बारी से शरद पांडे एवं मनोज तिवारी जी ने किया। संस्था के अध्यक्ष के. आर. कश्यप ने आभार व्यक्त की।

Sunday, May 17, 2026

जनचौपाल में कांग्रेस विधायक शेषराज हरवंस को रोकने वाले कलेक्टर एसपी पर हो कार्यवाही

रायपुर/18मई2026/पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंस को मुख्यमंत्री के जनचौपाल कार्यक्रम में जाने से रोकने वाले कलेक्टर एसपी पर कार्यवाही की मांग करते हुऐ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा की नारी वंदन की ढोंग औऱ आधी आबादी को उसका हक़ देने की दावों की पोल खुल गई जब कांग्रेस के महिला विधायक शेषराज हरवंस को उनके पॉमगढ़ विधानसभाके ग्राम कोसला के जनचौपाल में जाने से कलेक्टर एसपी के द्वारा रोक दिया गया।



क्या भाजपा सरकार में महिला जनप्रतिनिधि का यही सम्मान है?इसी को महिला सशक्तिकरण कहते है?महिला विधायक को जनता के प्रति कर्तव्य निभाने से क्यों रोका गया? कलेक्टर एसपी को जनचौपाल में महिला विधायक को आने से रोकने किसने निर्देश दिया? ये कैसा गोपनीय जनचौपाल है?जिला प्रशासन आखिर क्या छुपाना चाहती थी?जनचौपाल का मतलब खुली चर्चा होती है जब जनप्रतिनिधि को रोका गया ऐसे में जनता की क्या खाक सुनी जायेगी?आखिर इतना डर किस बात का?महिला विधायक को जनचौपाल में जाने से रोकने वाले कलेक्टर एसपी पर कड़ी कार्यवाही हो.सरकार सुनिश्चित करे भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के ढाई साल में लोकतांत्रिक अधिकार को खत्म किया जा रहा है।सरकार में बैठे लोगो की आलोचना सुनने की क्षमता खत्म हो गई है।ढाई साल में सरकार के प्रति हर वर्ग में भारी नाराजगी है।सरकार पूरी तरह फैल हो गई है।सनस्याओ का अंबार लग गया है।जनता के गुस्सा से बचने हर तरफ सिर्फ तानाशाही चलाई जा रही है।प्रशासनिक अराजकता चरम सीमा में है सरकार का नियंत्रण प्रशासन में नही है।जनता अपनी समस्याओं को लेकर विभागों का चक्कर लगा रही है।सरकार तिहार जन चौपाल का आयोजन प्रोपोगंडा करने कर रही है।इन आयोजनों में भी जनता को राहत नही मिल रहा है विपक्ष के जनप्रतिनिधि जब जनता की आवाज उठाते है तो उन्हें सरकारी तंत्रों का दुरुपयोग कर रोका जाता है। विपक्षी नेताओं के खिलाफ फर्जी आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज की जाती है।कांग्रेस के नेता कार्यकर्ता भाजपा सरकार के तानाशाही से डरने वाले नही है जनता की आवाज उठाते रहेंगे।

धनंजय सिंह ठाकुर

वरिष्ठ प्रवक्ता

आस्था एवं पारम्परिक उल्लास के साथ रखा गया वट सावित्री व्रत

जांजगीर चाम्पा - जिले के नवागढ़ विकासखण्ड अंतर्गत आने वाले ग्राम अमोरा (महन्त) में देवरहा तालाब एवं धाराशिव (रोगदा) में शनि मंदिर के पास शनिवार के दिन वट सावित्री व्रत का पर्व श्रद्धा , आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया।



 गांव की सुहागिन महिलाओं ने वट वृक्ष की विथि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी आयु , सुखमय जीवन एवं परिवार की समृद्धि की कामना की। इन दिन सुबह से ही महिलायें पारंपरिक वेशभूषा एवं श्रृंगार में पूजास्थल पहुंचीं , जहां उन्होंने वट वक्ष की परिक्रमा कर रक्षा सूत्र बांधे और पूजा-अर्चना कर भजन कीर्तन भी की। इस दौरान सावित्री-सत्यवान की कथा का श्रवण किया गया तथा महिलाओं ने अखंड सौभाग्य की मंगल कामना की। पूजा स्थल पर धार्मिक भक्ति और उत्साह का अद्रुत माहौल देखने को मिला। महिलाओं की बड़ी सहभागिता से पूरा ग्राम भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया। वहीं ग्रामीणों ने भी इस धार्मिक आयोजन को भारतीय संस्कृति और परंपरा का जीवंत प्रतीक बताया। बताते चलें कि इसी दिन दिन सावित्री ने यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापिस मांगे थे , तब से आज तक सुहागिन महिलाये विवाहित पीपल व वट वृक्ष की पूजा करती हैं। अमोरा में प्रभा पाण्डेय , विजय लक्ष्मी पाण्डेय , सरोज पाण्डेय , रागनी पाण्डेय , सविता तिवारी ,चांदनी तिवारी , सावित्री यादव , संगीता साहू , पूनम साहू , गणेशी कश्यप , रागनी साहू , पिंकी कश्यप एवं धाराशिव में कृष्णा बाई यादव , सुनीता यादव , जया यादव , रामकुमारी पटेल , उषा महंत , भगवती महंत , गुरबारी महंत , चांदनी पटेल और परमेश्वरी पटेल सहित सैकड़ों महिलाओं ने पूजा अर्चना की।

Tuesday, April 28, 2026

हीरागढ़ ( टुरी ) में महायज्ञ, भक्ति का महासंगम

 जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम हीरागढ़, यानी टुरी, इन दिनों भक्ति और आस्था के रंग में रंगा हुआ है



 यहां पंच कुण्डीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ और श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें लगभग 500 कन्याओं ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ी करमा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। गांव की गलियों में जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई दे रही है।

इस महायज्ञ में अयोध्या धाम से पधारे पंडित श्री तुंगनाथ शास्त्री जी महाराज यज्ञाचार्य के रूप में अनुष्ठान का संचालन कर रहे हैं, वहीं वृंदावन धाम से आए स्वामी श्री पुण्डरीकाक्षाचार्य वेदांती जी महाराज श्रीमद् भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं। मुख्य यजमान श्री नरोत्तमलाल कश्यप पत्नी श्रीमति मालती देवी कश्यप जी है,

यह आयोजन जगतगुरु परंपरा से जुड़े संतों के सानिध्य में रहे एवं इस  गांव के पूर्व निवासी स्वर्गीय श्री दुलीचंद शर्मा जी का पोता डॉक्टर अनंताचार्य जी महाराज और ग्रामवासियों के संकल्प से किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि समस्त जीवों और राष्ट्र के कल्याण की कामना भी है। यह इस गांव का ऐतिहासिक महायज्ञ है इससे पूर्व इस गांव में इतना भव्य आयोजन नहीं हुआ है

गांव में चल रहे इस वैदिक महायज्ञ में श्रद्धालु तन, मन और धन से सेवा कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। आयोजकों ने सभी भक्तों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर पहुंचकर यज्ञ में सहभागिता करें और आशीर्वाद प्राप्त करें।

हीरागढ़ का यह आयोजन न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का भी जीवंत उदाहरण बन रहा है।